देहरादून। उत्तराखंड में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों समेत सभी जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी वस्तु की कृत्रिम कमी पैदा कर आम जनता से निर्धारित कीमत से अधिक पैसा वसूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके दामों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
बाजारों में होगी नियमित जांच
सीएम धामी ने सभी जनपदों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने को कहा है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्यों के साथ-साथ दुकानदारों के स्टॉक की भी जांच की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। यदि किसी वस्तु की उपलब्धता में कमी की स्थिति बनती है तो समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा करके कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं प्रभावी और पारदर्शी होना जरूरी है।
शिकायत मिलते ही हो कार्रवाई
सीएम धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यक वस्तुओं की उचित दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को पूरी गंभीरता से काम करना होगा।