भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची का शव शुक्रवार को बाजार के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा इमारत की तीसरी मंजिल पर कंबल में लिपटा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बैरागढ़ थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस ने मामले में 23 वर्षीय मुईन बेग को गिरफ्तार किया है।
रात आठ बजे के बाद लापता हुई थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता और दो भाई-बहनों के साथ बैरागढ़ क्षेत्र की एक झुग्गी बस्ती में रहती थी। उसका परिवार मेहनत-मजदूरी और पन्नी बीनकर गुजर-बसर करता है। गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्ची बाजार में परिजनों को आखिरी बार दिखाई दी थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रात करीब एक बजे परिजन बैरागढ़ थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की और बाजार तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बच्ची एक युवक के साथ जाती दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुईन बेग उसे बाजार के पास स्थित खंडहर इमारत में ले गया था। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
कंबल में लिपटा मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
शुक्रवार को परिजनों को खंडहर की सीढ़ियों पर बच्ची के कपड़े पड़े दिखाई दिए, जिससे उन्हें संदेह हुआ। इमारत के भीतर तलाश करने पर तीसरी मंजिल पर कंबल में लिपटा बच्ची का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी मुईन बेग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा था। अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
थाने के बाहर प्रदर्शन, कड़ी सजा की मांग
घटना की जानकारी फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। शुक्रवार शाम करीब चार बजे से बैरागढ़ थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने के आसपास खड़े वाहनों और सामान में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और मामले में गंभीर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
खंडहर में संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस इमारत में बच्ची का शव मिला, वहां लंबे समय से असामाजिक गतिविधियां होने की आशंका है। इसे अपराधियों के जमावड़े का स्थान भी बताया जा रहा है। घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री और लोहे की रॉड मिलने की जानकारी है। पुलिस इन वस्तुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।