Dhari Devi Temple Lighting: पौड़ी गढ़वाल में चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर परिसर को आकर्षक वॉल वॉशर लाइटिंग से सजाया गया है। आधुनिक तकनीक से स्थापित की गई रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर परिसर रात के समय अत्यंत भव्य और मनमोहक दिखाई दे रहा है। शाम ढलते ही मंदिर परिसर में जगमगाती रोशनी का दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है और मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा के साथ-साथ उसकी सौंदर्यात्मक भव्यता भी और अधिक निखर कर सामने आ रही है।
पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि धारी देवी मंदिर एक पौराणिक एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं तथा एक यादगार अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में उपजिलाधिकारी तथा पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए थे कि चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को और अधिक आकर्षक बनाया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
[caption id="attachment_140689" align="alignnone" width="1142"]

धारी देवी मंदिर परिसर को आकर्षक वॉल वॉशर लाइटिंग से सजाया[/caption]
Dhari Devi Temple Lighting: लाइटिंग व्यवस्था
इसी क्रम में धारी देवी मंदिर परिसर में आधुनिक एवं प्रोग्रामिंग आधारित लाइटिंग व्यवस्था स्थापित की गई है। बताया की जिले के अन्य मंदिरो को भी आधुनिक एवं प्रोग्रामिंग आधारित लाइटिंग व्यवस्था स्थापित करने पर काम किया जा रहा हे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लाइटिंग व्यवस्था का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह अत्याधुनिक प्रोग्रामिंग आधारित लाइटिंग सिस्टम है, जिसका संचालन कंप्यूटर के माध्यम से किया जाता है।
[caption id="attachment_140690" align="alignnone" width="1160"]

स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी[/caption]
धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा
इस प्रणाली के माध्यम से विभिन्न रंगों और पैटर्न की रोशनी मंदिर परिसर में प्रदर्शित होती है, जिससे रात के समय मंदिर की भव्यता और अधिक आकर्षक दिखायी देती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर अब रात के समय अत्यंत आकर्षक दिखाई दे रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह एक नया आकर्षण बनेगा तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
भगवान सिंह की रिपोर्ट