मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार :पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र में 17 एवं 18 अगस्त को हुई लगातार झमाझम बारिश के बाद बचरा क्षेत्र के रेलवे पुलों की स्थिति काफी खराब हो गई है. बचरा पेट्रोल पंप के समीप स्थित रेलवे पुल के साथ-साथ पंचवटी के समीप रेलवे पुल में पानी का तेज बहाव होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण बचरा पेट्रोल पंप के बगल स्थित रेलवे पुल के दोनों छोर पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. पुल के नीचे पानी का बहाव होने के कारण दो पहिया और चार पहिया वाहनों को पुल पार करने में काफी कठिनाई हो रही है. कई वाहन गड्ढों में फंस जाने के कारण चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है.वहीं तेज पानी के बहाव के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों में भी दुर्घटना का डर बना हुआ है.वहीं बचरा पंचवटी के समीप स्थित रेलवे पुल की स्थिति भी बारिश के बाद चिंताजनक हो गई है. पुल के अंदर मिट्टी और बालू जमा होने के कारण सड़क काफी फिसलन भरी हो गई है.ऐसे में दो पहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है. पानी के बहाव और पुल के अंदर जमा बालू-मिट्टी के कारण कभी भी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन रेलवे पुलों से क्षेत्र के लोग प्रतिदिन बचरा रेलवे स्टेशन सहित रांची, रामगढ़,पतरातु,बुड़मू और अन्य स्थानों के लिए आवागमन करते हैं. ऐसे में पुल की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान जलभराव लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी इन स्थानों पर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं.लोगों का कहना है कि पुल के दोनों छोर पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है. यदि समय रहते पुल की स्थिति में सुधार नहीं किया गया और गड्ढों को नहीं भरा गया तो आने वाले दिनों में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.
स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों ने सीसीएल प्रबंधन से रेलवे पुल के दोनों छोर पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, पुल के अंदर जमा मिट्टी-बालू को हटाने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.
यह भी पढ़ें: महाकाल और खाटू श्याम के दर्शन के लिए पिपरवार से श्रद्धालुओं का जत्था रवाना