न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से आयोजित होने वाली बहुविकल्पीय आधारित परीक्षाओं की उत्तर प्रणाली में परिवर्तन किया गया है। अब प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देने लिए पांच ऑप्शन (ए, बी, सी, डी, ई) दिए जाएंगे। जिसमें विकल्प ई का अर्थ प्रयास नहीं किया गया (नान एटेंप्टेड) होगा। यह संशोधित व्यवस्था आगामी सभी परीक्षाओं में प्रभावी होगी।
क्या है पुरानी व्यवस्था
पुरानी व्यवस्था के तहत प्रत्येक प्रश्न के लिए चार ऑप्शन (ए,बी,सी,डी) दिए जाते थे, जिनमें से किसी एक विकल्प का चयन करना जरूरी नहीं था। इस वजह से अनेक अभ्यर्थी कई प्रश्नों को बिना जवाब दिए ही छोड़ देते थे। वह सभी परीक्षाएं, जिसमें मल्टीपल च्वाइस प्रश्न होते हैं, उसमें विकल्पों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
विकल्प ई का चयन जरूरी
अगर अभ्यर्थी प्रश्न का उत्तर देना चाहता है, तो उसे विकल्प (ए,बी,सी या डी) में किसी एक का चयन करना होगा। अगर अभ्यर्थी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे विकल्प ई का चयन करना जरूरी होगा। अगर कोई अभ्यर्थी पांचों विकल्पों (ए, बी, सी, डी, ई) में किसी का भी चयन नहीं करता है, तो ऐसे प्रत्येक अनुत्तिरित प्रश्न पर निगेटिव मार्किंग करते हुए 1/3 अंको की कटौती की जाएगी।