देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में मानसून एक्टिव है। मध्यप्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, तीन मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है।

भोपाल में 2 दिन में 8.57 इंच बारिश, 200 घरों में पानी भरा
भोपाल में बुधवार को लगातार तीसरे दिन स्कूलों की छुट्टी रही। पिछले दो दिनों में शहर में 8.57 इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी भर गया।मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन संभाग के रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है।
MP में 19.6 इंच बारिश, शिवपुरी में NH-46 पर भरा पानी
मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। शिवपुरी में NH-46 पर करीब एक फीट पानी भर गया, जिससे सड़क पर काफी देर तक जाम लगा रहा।प्रदेश में अब तक औसतन 19.6 इंच बारिश हो चुकी है। पूर्वी मध्यप्रदेश में सामान्य से 18% ज्यादा, जबकि पश्चिमी हिस्से में 10% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।खंडवा में भी पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में पानी भर गया है। आबना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बारिश को देखते हुए स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
मुंबई के कुर्ला में लैंडस्लाइड, 2 की मौत
मुंबई के कुर्ला स्थित अशोक नगर इलाके में बुधवार सुबह करीब 3 बजे भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड हो गई। गौसिया चॉल के पास मिट्टी का बड़ा हिस्सा गिरने से दो-तीन घर इसकी चपेट में आ गए।हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है।