भोपाल। मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए आज 103 पदों पर मतदान हो रहा है। इनमें 79 सरपंच, 4 पंच और 5 जिला पंचायत सदस्य पद शामिल हैं। वहीं आगर-मालवा के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी वोटिंग जारी है।
सुसनेर में मतदान के दौरान वार्ड-7 के बूथ पर करीब 15 मिनट तक वोटिंग रोकनी पड़ी। स्थानीय विधायक भैरों सिंह परिहार ने EVM के सीरियल नंबर को लेकर आपत्ति जताई। उनके पास मौजूद पुरानी सूची और बूथ पर लगी EVM के सीरियल नंबर में अंतर बताया गया।
मामला बढ़ने पर मतदान केंद्र के बाहर दोनों दलों के समर्थक जुट गए। अधिकारियों के मुताबिक रैंडमाइजेशन के बाद EVM बदली गई थी, जिसके कारण नंबर अलग था। बाद में दोनों प्रत्याशी मौके पर पहुंचे और स्थिति स्पष्ट होने के बाद मतदान दोबारा शुरू करा दिया गया।
सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी ने प्रदीप सोनी और कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को मैदान में उतारा है। प्रशासन के मुताबिक नगर के 13 वार्डों में 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
वहीं पंचायत उपचुनाव में अलग-अलग जिलों से मतदान प्रतिशत के आंकड़े भी सामने आ रहे हैं। सुबह 11 बजे तक आलीराजपुर के सोण्डवा में 35.77%, झाबुआ जिला पंचायत वार्ड-6 में 31.89% और थांदला के पलासड़ोर में सरपंच पद के लिए 63.98% मतदान हुआ। मऊगंज जिले में 36.98% मतदान दर्ज किया गया है।