अवैध खनन

रोहिणी में अवैध खनन पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध बिजली आपूर्ति काटी; माफियाओं में हड़कंप

कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर सीसीएल कॉलोनी से अवैध रूप से खींचे गए बिजली के तारों एवं केबलों को काटकर निष्क्रिय कर दिया गया.

By Ark Sahuliyar
रोहिणी में अवैध खनन पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध बिजली आपूर्ति काटी; माफियाओं में हड़कंप

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
सीसीएल एनके एवं पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को सीआईएसएफ ने रोहिणी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन स्थलों तक पहुंचाई जा रही बिजली आपूर्ति को पूरी तरह बंद करा दिया. कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर सीसीएल कॉलोनी से अवैध रूप से खींचे गए बिजली के तारों एवं केबलों को काटकर निष्क्रिय कर दिया गया. इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से सीसीएल कॉलोनी से अवैध बिजली आपूर्ति कर गैरकानूनी खनन कराया जा रहा था. इसी बिजली से मशीनों का संचालन कर कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जिससे राष्ट्रीय संपदा को लगातार नुकसान पहुंच रहा था.

अभियान में सहायक समादेष्टा मनोहर बरवा, निरीक्षक पंकज कुमार झा, सीसीएल के एएसओ नीतीश कुमार झा सहित सीआईएसएफ एवं सीसीएल की संयुक्त टीम मौजूद रही. अधिकारियों ने सभी अवैध बिजली कनेक्शनों को हटाकर भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही.

कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सीआईएसएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है. कोयला चोरी, अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.