चार प्रमुख मांगें

बरवाडीह की चार प्रमुख मांगें सांसद के समक्ष, शीघ्र कार्रवाई का मिला आश्वासन 

बरवाडीह के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया

By Ark Sahuliyar
बरवाडीह की चार प्रमुख मांगें सांसद के समक्ष, शीघ्र कार्रवाई का मिला आश्वासन 

प्रमोद कुमार/न्यूज11 भारत
बरवाडीह/डेस्क:
बरवाडीह के पूर्वी पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार ने शनिवार को चतरा स्थित चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की चार प्रमुख जनसमस्याओं से संबंधित मांग-पत्र सौंपा. 

उन्होंने बरवाडीह के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया. सौंपे गए ज्ञापन में पुराने प्रखंड परिसर स्थित जिम में आधुनिक व्यायाम सामग्री उपलब्ध कराने, बरवाडीह बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण, बरवाडीह मुख्यालय के दोनों शवदाह घाटों पर जलमीनार एवं सोलर लाइट लगाने तथा गढ़वाटांड़ स्थित स्टेडियम के समीप प्राथमिक विद्यालय से विजय प्रजापति के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग शामिल है.

सांसद कालीचरण सिंह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित करने तथा शीघ्र पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.मुलाकात के बाद पूर्वी पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार ने कहा कि सांसद से हर मुलाकात क्षेत्र के विकास के लिए नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करती है. उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के प्रति सांसद की सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी.