पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के चपका स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप शनिवार को दिन के लगभग 4 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों युवक स्कॉर्पियो वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो घाघरा से गुमला की ओर जा रही थी. इसी दौरान सिसई निवासी वीरन गोप एवं मंगरु गोप मोटरसाइकिल से उसी दिशा में जा रहे थे. चपका बजरंगबली मंदिर के समीप स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने के दौरान बाइक का हैंडल वाहन से सट गया. इससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. एंबुलेंस के पहुंचने पर दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ. पुलिस मामले की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.