न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ हिरणपुर थाना पुलिस ने चाय दुकान में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया एचपी कंपनी का एक गैस सिलेंडर भी बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को तोड़ाई निवासी धनंजय कुमार दास ने हिरणपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी चाय दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए. शिकायत के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की पहचान बेलडीहा गांव निवासी बाबूचन मुर्मू के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का एक गैस सिलेंडर बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिरणपुर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.