अवैध शराब जब्त

बरही में 80 लाख की अवैध शराब जब्त, बिहार तस्करी की थी तैयारी  

3 तस्कर गिरफ्तार, 14 हजार 352 बोतल शराब के साथ ट्रक और केटा गाड़ी जप्त किया गया

By Ark Sahuliyar
बरही में 80 लाख की अवैध शराब जब्त, बिहार तस्करी की थी तैयारी  

विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत 
बरही/डेस्क:
बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. रसोईयाधमना के पास से 80 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब से लदा एक ट्रक और बिना नंबर की केटा गाड़ी जब्त की गई है. पुलिस ने मौके से 3 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. शराब झारखंड से बिहार तस्करी कर ले जाई जा रही थी.

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि रसोईयाधमना के पास एक ट्रक में अवैध शराब लोड कर बिहार भेजने की तैयारी हो रही है. साथ में बिना नंबर की केटा कंपनी की छोटी गाड़ी भी है. सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम में थाना प्रभारी बिनोद कुमार, पु.अ.नि रंजीत भगत और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस टीम जैसे ही रसोईयाधमना पहुंची, ट्रक और केटा गाड़ी देखकर तस्कर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर रसोईयाधमना  के पास दोनों गाड़ियों को रोका.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि "पूछताछ में तस्करों ने बताया कि ट्रक में शराब लोड है और उसे बॉर्डर पार कराने के लिए लोकल तस्करों से बात हो रही थी. पुलिस को देखकर डर से भाग रहे थे." गिरफ्तार तस्करों की पहचान राकेश कुमार, खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव और सन्नी कुमार के रूप में हुई है. तीनों बरही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. सुबह ट्रक की गहन जांच में 1190 पेटी अवैध शराब बरामद हुई.  

कुल 14 हजार 352 बोतल -  
- 750 ML - 3588 बोतल  
- 350 ML - 14208 बोतल  
- 180 ML - 14352 बोतल  

पुलिस का कहना है कि जब्त शराब की कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी जा रही है. "यहां अक्सर रात में शराब की तस्करी होती है. पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है." पुलिस ने ट्रक संख्या HP72D-7889 और बिना नंबर की केटा गाड़ी को जब्त कर लिया है. तीनों आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.