कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय

भौरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचीं झरिया विधायक रागिनी सिंह

छात्राओं की शिक्षा, पोषण, सुरक्षा एवं आवासीय सुविधाओं का लिया जायजा, सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का दिया भरोसा

By Ark Sahuliyar
भौरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचीं झरिया विधायक रागिनी सिंह

न्यूज़11 भारत 
झरिया/डेस्क:
झरिया विधानसभा क्षेत्र के भौरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक व्यवस्था, पोषण आहार, आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन की गुणवत्ता, दैनिक दिनचर्या तथा विद्यालय में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय, रसोईघर एवं विद्यालय परिसर का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन, स्वच्छ एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, खेलकूद की सुविधाएं, पुस्तकालय तथा अध्ययन सामग्री सहित सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए.

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार है. छात्राओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रत्येक छात्रा तक पूरी गुणवत्ता के साथ पहुंचे, इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी.

विधायक ने कहा कि निरीक्षण के दौरान छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा रखी गई समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है. इन विषयों पर वे संबंधित शिक्षा पदाधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों से विस्तृत वार्ता करेंगी, ताकि विद्यालय में आवश्यक संसाधन, आधारभूत सुविधाएं एवं अन्य व्यवस्थाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जा सकें. उन्होंने आश्वस्त किया कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आवासीय सुविधाओं से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा.

विद्यालय की प्राचार्य सुनीता साव एवं पीपीओ सुरजीत कुमार महतो ने विधायक को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी. विधायक ने विद्यालय परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से ही बेटियों का सर्वांगीण विकास संभव है. निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.