अजीत कुमार/न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. विशेष शिविर के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने, नाम/विवरण में आवश्यक सुधार कराने तथा परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष शिविर की व्यवस्थाओं एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया.
उपायुक्त ने बूथ संख्या 189 – उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डुडंगी कला; बूथ संख्या 190 – उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही पूर्वी भाग; बूथ संख्या 191 – उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही पश्चिमी भाग; बूथ संख्या 192 – उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जलता; बूथ संख्या 218 – उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, चूरिया तथा बूथ संख्या 211 – उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कोने का निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों, मतदाताओं की उपस्थिति तथा आवश्यक प्रपत्रों की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें. साथ ही, परिवार के सदस्यों के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के इच्छुक मतदाताओं को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया.विशेष शिविर के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जलता स्थित मतदान केंद्र पर नए मतदाताओं द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन किया गया.
इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार द्वारा नए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया.उपायुक्त ने नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक अधिकार के साथ-साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है. उन्होंने नए मतदाताओं से आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने की अपील की.उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें तथा किसी प्रकार की त्रुटि या नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें.
उपायुक्त ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है. अतः सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और आवश्यकतानुसार सुधार/नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करें. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी लातेहार मनोज कुमार तिवारी उपस्थित थे.