आकाशीय बिजली का कहर

चैनपुर के पतरिया में आकाशीय बिजली का कहर, वज्रपात से दुधारू गाय की मौत, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट

पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत पतरिया पंचायत के गांगी टोला (बहेराखांड) में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई.

By Ark Sahuliyar
चैनपुर के पतरिया में आकाशीय बिजली का कहर, वज्रपात से दुधारू गाय की मौत, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत पतरिया पंचायत के गांगी टोला (बहेराखांड) में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई. वज्रपात की इस घटना से मृत गाय की मालकिन और स्थानीय निवासी समुद्री कुंआर  के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका समुद्री कुंआर की गाय रोजाना की तरह दोपहर में खेत में चरने गई थी. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ आसमानी बिजली कड़कड़ाते हुए पास के एक पेड़ पर गिरी. बिजली की चपेट में आने से गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

गरीब परिवार के लिए बड़ा आर्थिक नुकसान
पीड़ित महिला ने बताया कि यह गाय ही उनके परिवार की आय का मुख्य जरिया थी. मृत गाय की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है. दुधारू पशु की अचानक मौत से अब परिवार के सामने भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इस पर गहरा दुख व्यक्त किया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित असहाय महिला की स्थिति को देखते हुए अविलंब सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है.

इस संबंध में पतरिया पंचायत के मुखिया ने कहा कि, "यह एक अत्यंत दुखद घटना है. समुद्री कुंआर एक गरीब महिला हैं, जिनके परिवार का सहारा यह गाय ही थी. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई हो सके."