न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में हुई बमबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला कथित तौर पर प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद के कारण कराया गया था. मामले में पुलिस ने एक युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, कुलदीप खलखो और सरिता कुजूर के बीच पहले प्रेम संबंध था. बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया, जिसके बाद सरिता कुजूर का कथित तौर पर समीर केरकेट्टा के साथ प्रेम संबंध हो गया. जांच में यह आरोप सामने आया है कि कुलदीप खलखो को रास्ते से हटाने की नीयत से सरिता कुजूर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बम से हमला कराने की साजिश रची. इस साजिश को अंजाम देने के लिए कथित तौर पर सुतली बम का इस्तेमाल किया गया.
मामले में पुलिस ने सरिता कुजूर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, इस वारदात में दो नाबालिगों की भूमिका भी सामने आने के बाद उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बिहार में सरकारी सड़कों और पुलों पर लगेगा टोल टैक्स, नई नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी