लूटकांड का खुलासा

चार घंटे में लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

पिस्तौल, लूटी गई अपाची बाइक, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद, तमाड़ के दो लूटकांड में भी संलिप्तता स्वीकार

By Ark Sahuliyar
चार घंटे में लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

न्यूज11 भारत 
रांची/डेस्क:
दशमफॉल थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर अपाची मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त देशी पिस्तौल, नोकिया कीपैड मोबाइल, आधार कार्ड, नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.

जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को आराडीह पंचायत के चुड़गी गांव के समीप चार अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को हथियार का भय दिखाकर उसकी अपाची मोटरसाइकिल, नोकिया कीपैड मोबाइल, आधार कार्ड और नकदी लूट ली थी. मामले में दशमफॉल थाना में कांड संख्या 07/2026 दर्ज किया गया.

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बुंडू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी कर महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर लिया.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्तौल, नोकिया कीपैड मोबाइल, ₹500 का नोट, आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तमाड़ थाना क्षेत्र में 14 जुलाई को हुई दो अन्य लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पतसायडीह-ऐदलडीह मार्ग पर एक व्यक्ति से पिस्तौल के बल पर नकदी और सैमसंग मोबाइल लूटा था. इसके बाद परासी गांव स्थित एनएचएआई प्लांट के पास एक अन्य व्यक्ति से ₹20 हजार और सैमसंग मोबाइल भी लूट लिया था. पुलिस इन मामलों में भी आगे की जांच कर रही है.

गिरफ्तार आरोपियों में अंकित मुंडा, गोपाल मुंडा और अजीत मुंडा (तीनों निवासी हुड़वा, थाना अड़की, जिला खूंटी) तथा गुरुवा मुंडा (निवासी एदेलबेड़ा, थाना तमाड़, जिला रांची) शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.