फायरिंग

बाघमारा: बरोरा चेकपोस्ट के पास फायरिंग, युवक पर जानलेवा हमले की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस 

बरोरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है.

By Dipali Kumari
बाघमारा: बरोरा चेकपोस्ट के पास फायरिंग, युवक पर जानलेवा हमले की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस 

न्यूज़11 भारत 
बाघमारा/डेस्क:
 बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरोरा चेकपोस्ट के समीप कल शुक्रवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक युवक पर दो राऊंड फायरिंग की. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बरोरा चेकपोस्ट निवासी शंकर मंडल के पुत्र मधु मंडल पर बदमाशों ने फायरिंग की थी. हालांकि मधु मंडल बाल-बाल बच गया.

भुक्तभोगी मधु मंडल ने बताया कि सन्नी चौहान, राज चौहान और आकाश चौहान अचानक आए और गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने यह कहते हुए हमला किया कि यही उन लोगों का साथ देता है और एक थप्पड़ मारा, फिर पिस्तौल निकालकर सीधे फायरिंग कर दी. फिलहाल मधु मंडल ने बरोरा पुलिस को मामले को लेकर लिखित शिकायत दी है.

इधर घटना की सूचना मिलते ही बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले कि जाँच में जुट गई है. घटना स्थल से पुलिस ने दो खोखे बरामद किये हैं. सूचना पाकर ​बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल भी बरोरा थाना पहुंचे. उन्होंने बताया कि बरोरा थाने में एक युवक द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें बरोरा चेकपोस्ट के पास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दो राउंड गोली चलाकर भागने का जिक्र है.

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बरोरा थाने के अलावा आसपास के 2-3 अन्य थानों के थानेदार, प्रभारी और इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे हैं और संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस फिलहाल मामले की सत्यता की पुष्टि कर रही है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की स्पष्ट पहचान की जा सके. डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस लड़कों की पहचान करने में जुटी है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.