जर्जर सड़क

जर्जर सड़क के गड्ढों में भरा पानी, ग्रामीणों ने लगाया लाल झंडा... मरम्मत की मांग 

पतरातू-मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग के मायापुर गांव के समीप जर्जर सड़क इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है.

By Ark Sahuliyar
जर्जर सड़क के गड्ढों में भरा पानी, ग्रामीणों ने लगाया लाल झंडा... मरम्मत की मांग 

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
पतरातू-मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग के मायापुर गांव के समीप जर्जर सड़क इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने गड्ढों में खतरे का लाल झंडा लगाकर वाहन चालकों को सावधान करने का प्रयास किया है.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही मार्ग कई स्थानों पर जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है. उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और अनियमितता के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई. वर्तमान में लगातार हो रही बारिश से गड्ढों में करीब तीन फीट तक पानी जमा हो गया है. पानी भर जाने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है.

इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन होता है. ग्रामीणों के अनुसार पानी से भरे गड्ढों में वाहन के अचानक फंसने या असंतुलित होने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना हो सकती है. खासकर रात के समय यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे दूर से दिखाई नहीं देते.

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है. साथ ही स्थानीय विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है.