जंगली हाथियों का आतंक

भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक, बूढ़ीपाट में ग्रामीण का घर क्षतिग्रस्त

भरनो प्रखंड क्षेत्र के बूढ़ीपाट गांव में बीती रात दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने गांव निवासी सूरज लोहरा के पक्के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया.

By Ark Sahuliyar
भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक, बूढ़ीपाट में ग्रामीण का घर क्षतिग्रस्त

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत 
भरनो/डेस्क:
भरनो प्रखंड क्षेत्र के बूढ़ीपाट गांव में बीती रात दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने गांव निवासी सूरज लोहरा के पक्के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया. जिस कमरे में परिवार के सदस्य और बच्चे सो रहे थे, उसी कमरे की दीवार को हाथियों ने तोड़ दिया. साथ ही घर के छत पर लगे कई एलबेस्टस भी क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि घटना में सभी लोग बाल-बाल बच गए. हाथियों ने घर में रखे कई जरूरत के सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ कई बोरी अनाज भी खा गए, जिससे परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है. हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है. 

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के डर से लोग रातभर जागकर पहरा देते रहे. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रात में ही गांव पहुंची और नुकसान का जायजा लिया. विभाग ने प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. साथ ही प्रभावित ग्रामीण के बीच टॉर्च लाइट और पटाखों का वितरण किया गया. वन विभाग के वनरक्षी अकील अहमद ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की क्यूआरटी टीम दिन-रात तैनात है. टीम हाथियों की निगरानी करते हुए उन्हें आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रही है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के आने से उसके नजदीक नहीं जाएं एवं उसके साथ छेड़छाड़ नहीं करें.