न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - पटना में आयोजित पुलिस कल्याण कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। बैंक ऑफ बड़ौदा के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 61 परिवारों को सहायता दी गई। इस दौरान सीएम ने कहा कि धन किसी व्यक्ति की क्षति की भरपाई नहीं कर सकता, लेकिन सरकार पुलिस परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपना पूरा जीवन समाज और राज्य की सुरक्षा में लगा देते हैं, इसलिए सरकार उनकी और उनके परिवार की चिंता कर रही है। कार्यक्रम में बताया गया कि अगस्त 2024 से शुरू हुई योजना के तहत 3.2 करोड़ रुपये तक की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और आज 37 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि वितरित की गई।
हाईलाइट्स -
- दिवंगत पुलिसकर्मियों के 61 परिवारों को आर्थिक सहायता
- सीएम बोले - “अपराधी किसी भी हालत में नहीं बचेंगे”
- पुलिस को चुनौती देने वालों पर 48 घंटे में कार्रवाई का दावा
- 514 मॉडल स्कूल और पुलिस अस्पताल अपग्रेड करने की घोषणा
- बिहार में पुलिस वेलफेयर फंड में 130 करोड़ उपलब्ध
अपराधियों को चेतावनी, विपक्ष पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम में सीएम ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई पुलिस को चुनौती देगा तो उसके खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी किसी भी हालत में नहीं बचेंगे। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि आजकल कुछ लोग पुलिस कार्रवाई पर जाति का आरोप लगाते हैं। सीएम ने व्यंग्य करते हुए कहा कि क्या अब पुलिस गोली चलाने से पहले अपराधियों की जाति पूछेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की नींव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी और विकास के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत किया। उन्होंने पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि बिहार पुलिस 24 घंटे जनता की सुरक्षा में लगी रहती है और वर्तमान में 30 हजार महिलाएं भी पुलिस सेवा में कार्यरत हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस वेलफेयर पर सरकार का फोकस
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब सिर्फ सड़क, पुल और पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने 514 मॉडल स्कूल बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही जिन इलाकों में स्कूल की सुविधा नहीं है, वहां पुलिस परिवार अपने बच्चों का नामांकन अन्य जगह करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस वेलफेयर फंड में 130 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं और पुलिस अस्पतालों को प्राइमरी अस्पताल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है। सीएम ने कहा कि बिहार ज्ञान और शांति की भूमि है, जहां भगवान बुद्ध की शिक्षाएं पूरी दुनिया को शांति का संदेश देती हैं।
इसे भी पढ़ें - जमुई के जंगलों में तेंदुए की दस्तक, बिहार का तीसरा बड़ा ‘लेपर्ड जोन’ बनने की ओर बढ़ा कुकुरझप