Jharkhand Boy Ishank Sets Record: झारखंड के एक नन्हे जाबाज ने वह कर दिखाया जो बड़े-बड़े तैराकों के लिए एक सपना होता है। महज 7 वर्ष की उम्र में इशांक ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित खतरनाक 29 किलोमीटर लंबे पाक स्ट्रेट (Palk Strait) को तैरकर पार कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
9 घंटे 50 मिनट में समंदर किया पार
इशांक ने श्रीलंका से भारत तक का यह सफर चुनौतीपूर्ण समुद्री लहरों के बीच मात्र 9 घंटे 50 मिनट में पूरा किया। इस असाधारण प्रदर्शन के लिए उन्हें यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (URF) द्वारा ‘द यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्वीमर’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट दिया गया है।

पुराने रिकॉर्ड्स को किया ध्वस्त
जय जसवंत का रिकॉर्ड टूटा- इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने 2019 में 10 साल की उम्र में यह दूरी 10 घंटे 30 मिनट में तय की थी।
जिया राय की प्रेरणा- मार्च 2022 में जिया राय ने करीब 13 घंटे में यह दूरी तय की थी।
संपन्ना रमेश शेलार- पुणे के संपन्ना ने 2023 में 5 घंटे 30 मिनट का रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन 7 साल की उम्र में इशांक की गति और साहस बेजोड़ है।

झारखंड के CM ने दी बधाई
CM हेमंत सोरेन ने इशांक को बधाई देते हुए लिखा कि-
'असाधारण प्रतिभा... महज 7 वर्ष की उम्र में झारखंड से नन्हे इशांक ने श्रीलंका और भारत के बीच 29 किमी लंबे Palk Strait को पार कर ऐतिहासिक पल अपने नाम किया है। इशांक की यह सफलता अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। इशांक और उनके परिवारजनों, ट्रेनर्स को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए ढेरों बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं, जोहार।'