न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने मद्य निषेध विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं तथा विशेष चलंत दस्ता से संबंधित विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने इन पदों के लिए आवेदन किया है, वे 1 जून से अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों को पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आवेदन के दौरान दर्ज मोबाइल नंबर तथा जन्मतिथि की जानकारी भरनी होगी। पर्षद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी विवरणों की जांच अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हाईलाइट्स -
- 1 जून से डाउनलोड होंगे सिपाही भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड
- 14 और 17 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा
- कुल 4128 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होगी परीक्षा
- BPSC 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को होगी
- 1189 पदों के लिए अब तक 3 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त
4128 रिक्त पदों के लिए जून में होगी परीक्षा
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4128 रिक्तियों को भरा जाना है। इनमें मद्य निषेध सिपाही के 1603 पद, कक्षपाल के 2417 पद तथा चलंत दस्ता सिपाही के 108 पद शामिल हैं। भर्ती परीक्षा का आयोजन 14 और 17 जून को किया जाएगा। दोनों दिनों में परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए बिहार के सभी 38 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
बीपीएससी 72वीं संयुक्त परीक्षा के लिए आवेदन का अंतिम अवसर
दूसरी ओर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोग द्वारा 1189 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और 31 मई तक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई को प्रस्तावित है। आयोग के अनुसार अब तक लगभग तीन लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। इस भर्ती में सबसे अधिक 365 पद राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष पदों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130, अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी के 101 तथा अनुमंडल पदाधिकारी एवं वरीय उपसमाहर्ता के 100 पद शामिल हैं। शेष पद विभिन्न विभागों में वितरित किए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - बिहार सरकार का बड़ा ऐलान: राज्यभर में खुलेंगे सरस्वती विद्या निकेतन, हजारों पदों पर होगी नियुक्ति