बिहार में मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 9 साल की बच्ची के साथ 50 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना 28 जुलाई की बताई जा रही है। वारदात के बाद करीब तीन दिनों तक गांव स्तर पर मामले को दबाने और रफा-दफा करने का प्रयास किया गया। हालांकि, पीड़ित परिवार आरोपी पक्ष के दबाव में नहीं आया और हिम्मत दिखाते हुए पुलिस के पास पहुंच गया।
पीड़िता की मां ने महिला थाना में आवेदन देकर दुष्कर्म की सूचना दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आवेदन के अनुसार 50 वर्षीय आरोपी ब्रह्म मेहता बच्ची को मिर्ची तोड़ने के बहाने घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में ले गया। वहां उसने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
बच्ची ने मां को बताई आपबीती
डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागकर अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता ने बताया कि जब वे घटना की शिकायत लेकर आरोपी के घर गए, तो उन्हें और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी पक्ष ने पूरा जोर लगाया कि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचे, लेकिन परिजनों ने हिम्मत नहीं हारी और 31 जुलाई को महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना में 31 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई।
एक घंटे के अंदर गिरफ्तार हुआ आरोपी
महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर तुरंत केस दर्ज किया गया और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी ब्रह्म मेहता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस छापेमारी अभियान में एसआई प्रतिभा कुमारी, सिपाही नेहा कुमारी, पूनम कुमारी और अजेन कुमार शामिल थे।
मेडिकल में रेप की पुष्टि
मामले की जांच केस आईओ आश प्यारी कर रही हैं। इधर, पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया है, जिसमें उसके साथ रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।