बांकीपुर। देश के तीन राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की मतगणना चल रही है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट,बिहार की बांकीपुर और गुजरात की मंजलपुर सीट पर कांग्रेस और बीजेपी की साख दांव पर लगी है। दतिया सीट पर बीजेपी अभी पीछे है। वहीं, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव मतगणना के शुरुआती रुझानों में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा दूसरे और राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
दरअसल, इस उपचुनाव के लिए 30 जुलाई 2026 को मतदान हुआ था। वहीं, सोमवार, 3 अगस्त को पटना के एएन कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। इसमें कुल 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी प्रमुख दलों ने जीत का दावा किया था। लेकिन मतगणना के साथ तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती नजर आ रही है। वहीं,
शुरुआती राउंड में प्रशांत किशोर की बढ़त
मतगणना के दौरान पोस्टल बैलेट और ईवीएम की शुरुआती गिनती में भी प्रशांत किशोर आगे रहे। पहले राउंड में उन्हें 2,225 वोट मिले, जबकि बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 1,363 और आरजेडी की रेखा गुप्ता को 505 वोट प्राप्त हुए। तीसरे राउंड तक प्रशांत किशोर के खाते में 5,032 वोट दर्ज हुए। वहीं, नीरज कुमार सिन्हा को 3,870 और रेखा गुप्ता को 767 वोट मिले। इसके बाद चौथे राउंड में भी जन सुराज उम्मीदवार ने बढ़त बरकरार रखी।
पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने तक प्रशांत किशोर 8,971 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहे। बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 6,652 और आरजेडी की रेखा गुप्ता को 1,534 वोट मिले।
#WATCH | Patna, Bihar | Jan Suraaj Party workers celebrate at the camp office following party Founder Prashant Kishor's 3800+ votes lead after the 7th round of counting of the Bankipur Assembly by-election. https://t.co/32HIxuwSn9 pic.twitter.com/wjxSl1EmBN
एएन कॉलेज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतगणना पटना के एएन कॉलेज में हो रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए थे। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रवेश पास की जांच, सघन तलाशी और निर्धारित रूट प्लान का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मतगणना स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से भी निगरानी की गई।
31 राउंड में पूरी होगी मतगणना
निर्वाचन आयोग के अनुसार 422 मतदान केंद्रों पर पड़े करीब 1.30 लाख मतों की गिनती 31 राउंड में की जा रही है। मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट से हुई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 23 पुरुष और दो महिला प्रत्याशी हैं।
बीजेपी ने बदला था उम्मीदवार
इस उपचुनाव में बीजेपी ने पहले अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया था। उनके व्यक्तिगत कारणों से चुनाव नहीं लड़ने के निर्णय के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया।
किस पार्टी की होगी जीत
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना अभी जारी है। शुरुआती पांच राउंड के रुझानों में प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बीजेपी दूसरे और आरजेडी तीसरे स्थान पर है। अंतिम परिणाम सभी 31 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद घोषित होगा।