मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम हत्याकांड में कोर्ट ने 14 अक्टूबर 2026 को मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई है । दोनों को मुस्कान के पति सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी ठहराया गया था, जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने मामले को नृशंस हत्याकांड बताते हुए सख्त सजा सुनाई है।
कोर्ट में रोने लगे मुस्कान और साहिल
सजा सुनाए जाने के दौरान दोनों आरोपी जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत से जुड़े थे, फैसला सुनते ही मुस्कान और साहिल रोने लगे। जज ने मुस्कान से पूछा कि वह क्या कहना चाहती है, तो उसने अपनी बच्चियों का ध्यान रखने की बात कही। वहीं, साहिल ने कोई जवाब नहीं दिया ।
सौरभ की मां रेनू राजपूत फैसले के बाद भावुक हो गईं, परिवार ने कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद थी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, दोनों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है ।
3 मार्च 2025 को हुई थी सौरभ की हत्या
यह मामला मार्च 2025 का है। सौरभ राजपूत मर्चेंट नेवी में काम करते थे। आरोप था कि मुस्कान और साहिल ने उनकी हत्या करने के बाद शव के पांच टुकड़े किए और नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से बंद कर दिया। अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान 22 गवाहों के बयान और कई अहम सबूत पेश किए गए। इनमें कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और हत्या में इस्तेमाल हथियारों से जुड़े साक्ष्य शामिल थे।