पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखल रोड पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां मनरेगा के तहत सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। शुरुआती जानकारी में आठ मजदूरों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सड़क पर काम कर रहे थे 24-25 मजदूर
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर करीब 24 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
SP ने बताया- अब तक पांच शव मिले
संगरूर के एसपी पलविंदर सिंह चिम्मा ने बताया कि हादसे में अब तक पांच शव मिलने की जानकारी है। अस्पताल से भी कुछ लोगों की मौत की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। पुलिस मृतकों और घायलों की पूरी जानकारी जुटा रही है।