भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रेशर प्लांट को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद रविवार शाम हिंसक हो गया। भौंड़ा गांव में बयाना से भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर लाठी-पत्थरों से हमला किया गया, गंभीर रूप से घायल भड़ाना को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई । घटना में उनके सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
क्रेशर प्लांट पर क्या हुआ?
परिजनों के मुताबिक, अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम करीब 6:30 बजे भौंड़ा गांव स्थित क्रेशर लीज पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों के साथ विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। उनकी पत्नी कमलेश ने आरोप लगाया कि 70 से 80 लोगों ने लाठी-पत्थरों से हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, क्रेशर प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और संचालक पक्ष के बीच लंबे समय से तनाव था। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने बताया कि भड़ाना और उनके सहयोगी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन भड़ाना की जान नहीं बच सकी।
चार साल से चल रहा था विवाद
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, क्रेशर प्लांट और वहां तक जाने वाले रास्ते को लेकर करीब चार साल से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि क्रेशर संचालन के लिए चारागाह भूमि का इस्तेमाल किया जा रहा था और अवैध खनन भी हो रहा था। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है ।
अतर सिंह भड़ाना वर्ष 2003 में भाजपा के टिकट पर बयाना विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उनके निधन के बाद परिवार और समर्थकों में शोक है। उनका अंतिम संस्कार हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पाली गांव में किए जाने की जानकारी परिवार की ओर से दी गई है।