अम्बाला। जैन कॉलेज रोड स्थित शालीमार संत नामदेव मंदिर के प्रांगण में नामदेव सभा अम्बाला द्वारा बाबा संत नामदेव जी महाराज का 756वां अवतार दिवस एवं 41वां वार्षिक उत्सव समारोह अत्यंत धूमधाम, गुरु-भक्ति और श्रद्धा-उल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में अम्बाला शहर के वरिष्ठ समाज जन एवं विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर धार्मिक प्रवचन, गुरु भक्ति संगीत एवं गुरु के अतुल्य अटूट लंगर का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य सेवक के रूप में पहुंचे हरियाणा सरकार के पूर्व चेयरमैन एवं नामदेव सभा के प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा ने संगत के बीच हाजिरी लगाई और अपना विचारशील संबोधन दिया।
संगत को संबोधित करते हुए सतबीर वर्मा ने कहा कि वर्तमान दौर में समाज को एक मजबूत और एकजुट संगठन की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में एकता के अभाव के कारण रोहिल्ला, टांक, दर्जी और छिम्बी समाज सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से पिछड़ रहा है। संगठन के माध्यम से ही समाज की आंतरिक कमियों और आपसी मन-मुटाव को दूर किया जा सकता है। सभा-संगठन के जरिए रोटी-बेटी के संबंधों में भी सुधार और प्रगाढ़ता लाई जा सकती है।
उन्होंने आगे बताया कि समाज के प्रांतीय मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा चुका है। जिला स्तरीय सभाओं को मजबूत करके ही समाज अपनी वास्तविक पहचान स्थापित कर सकता है। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगातार तीसरी बार प्रदेश स्तरीय नामदेव जयंती में शिरकत कर करोड़ों रुपये का आर्थिक अनुदान दिया है, जिससे समाज का गौरव और सम्मान बढ़ा है।
समारोह के दौरान नामदेव सभा के अध्यक्ष जोगा सिंह एवं प्रदीप नामदेव ने प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा को एक ज्ञापन/मांग पत्र सौंपा, जिसमें जैन कॉलेज रोड चौराहे का नाम "संत नामदेव चौक" रखने की मांग की गई।
कार्यक्रम में लुधियाना से रविंदर पूर्वा, चंडीगढ़ से दर्शन सिंह व नरेश मरजारा, जसविंदर सिंह जस्सल, रामकुमार रोहिल्ला, जरनैल सिंह धुराली, प्रधान स. जोगा सिंह, रविंदर नामदेव, सचिव राजेंदर सिंह और एडवोकेट विमल कुमार ने भी अपने विचार रखे और समाज हित में मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन पर अम्बाला सभा द्वारा पधारे सभी सम्मानित अतिथियों एवं गणमान्य सदस्यों को गुरु सिरोपा एवं संत नामदेव जी महाराज का चित्र भेंट कर भावभीना अभिनंदन व सम्मान किया गया।