कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 27 सितंबर 2026 की घटना के बाद सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट परिसर में स्थिति अब सामान्य है। संस्थान ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा और उनके लिए शांतिपूर्ण एवं सहयोगी शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के वाइस चांसलर संतोष अजमेरा ने कहा कि छात्र संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उनकी सुरक्षा, सम्मान, भलाई और शैक्षणिक यात्रा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने 27 सितंबर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के भीतर हिंसा का कोई औचित्य नहीं हो सकता।
छात्रों की सुरक्षा और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने छात्रों और उनके परिवारों को आश्वस्त किया कि संस्थान उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और मामले में उचित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। साथ ही कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
अपुष्ट सूचनाओं और अटकलों से बचने की अपील
वाइस चांसलर ने छात्रों, अभिभावकों और अन्य संबंधित लोगों से संयम बरतने तथा अपुष्ट सूचनाओं, वीडियो और अटकलों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री अनावश्यक चिंता पैदा कर सकती है और छात्रों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। अजमेरा ने कहा कि संस्थान लगातार छात्रों के संपर्क में है और अब प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सहयोगी माहौल में कक्षाएं, शैक्षणिक गतिविधियां और रचनात्मक कार्य दोबारा शुरू करने में सक्षम बनाना है।
संस्थान ने सहयोग के लिए जताया आभार
उन्होंने सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट सोसाइटी के अध्यक्ष के साथ साथ राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों से मिले सहयोग की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने छात्रों, फैकल्टी, स्टाफ और पूरे SRFTI समुदाय के सहयोग और समझ के लिए आभार व्यक्त किया।