देश में बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट घोटालों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा अभियान चलाया है। एजेंसी ने ऑपरेशन चक्र-VI के तहत 16 राज्यों में 80 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर साइबर ठगों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। CBI की यह कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट स्कैम से जुड़े उन संगठित नेटवर्कों को ध्वस्त करने के लिए की गई है, जो लोगों को फर्जी कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे थे।
60 विशेष टीमों ने चलाया अभियान
CBI ने इस ऑपरेशन के लिए 60 विशेष जांच टीमों का गठन किया था। इन टीमों ने जिन राज्यों में कार्रवाई की, उनमें शामिल हैं पंजाब, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक, ओडिशा जांच एजेंसी के मुताबिक यह कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट से जुड़े 200 से अधिक मामलों की जांच का हिस्सा है।
शेल कंपनियों और फर्जी खातों का इस्तेमाल
CBI की जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधी ठगी से हासिल रकम को छिपाने के लिए शेल कंपनियों और अवैध बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। मामले में एजेंसी ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर फर्जी कंपनियां बनाने और अवैध बैंक खाते खोलने का आरोप है। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर कर मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही थी।