न्यूज11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ स्थानीय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है. बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के खुदपुटली मौजा में जिला खनन इंस्पेक्टर अरविंद उरांव एवं अभिजीत मजूमदार के नेतृत्व में छापेमारी कर लगभग 3000 सीएफटी (सेफ्टी) अवैध बालू के भंडारण को जब्त कर लिया गया. इस कार्रवाई के दौरान मौके पर अंचल अधिकारी (सीओ) राजा राम सिंह मुंडा और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात थे. प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त बालू को स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम सिंह मुंडा के जिम्मेनामा सौंप दिया है. साथ ही, इस अवैध भंडारण के मुख्य सूत्रधार का पता लगाने के लिए अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ भी की.
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से प्रखंड के गोहालडीह, मधुआबेड़ा और खुदपुटली की विभिन्न सरकारी जमीनों पर बालू माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर बालू का अवैध डंपिंग जोन बनाया गया था. प्रशासन की बढ़ती सख्ती को देखते हुए माफिया रात के अंधेरे में इस स्टॉक को पार करने की फिराक में थे और इसके लिए वे खुद पुलिस-प्रशासन की गतिविधियों की रेकी (निगरानी) कर रहे थे. हालांकि, उनकी इस चालाकी को भांपते हुए प्रशासन ने पहले ही सभी प्रमुख भंडारण स्थलों पर चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती कर दी थी. पुलिस के इस कड़े पहरे और आज हुई इस बड़ी जब्ती की कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में अवैध खनन व तस्करी पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है.