न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर के स्थानीय जेएस कॉलेज में फॉर्म की बिक्री में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है. नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कॉलेज छात्र महासचिव परवेज आलम ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसका कड़ा विरोध किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज में ₹50 मूल्य के फॉर्म पर छपे वास्तविक मूल्य को मिटाकर छात्रों से जबरन ₹100 की वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह से अनुचित और विद्यार्थियों के आर्थिक हितों के साथ सीधा खिलवाड़ है.
छात्र नेता परवेज आलम ने इस वित्तीय गड़बड़ी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कॉलेज आने वाले अधिकांश छात्र पहले से ही विभिन्न आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में फॉर्म का दाम दोगुना करके बेचना उन पर अनावश्यक और अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालना है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि छात्र हितों की रक्षा करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है और परिसर के भीतर विद्यार्थियों का किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस धांधली को लेकर वर्तमान में कॉलेज के सामान्य छात्रों के बीच भी भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है.
महासचिव ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की तत्काल प्रभाव से उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और इस अवैध वसूली के पीछे संलिप्त दोषी कर्मचारियों व लोगों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि जिन भी छात्रों से अब तक निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली गई है, उन्हें उनकी अतिरिक्त रकम तुरंत वापस की जाए.
परवेज आलम ने कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इस मामले में शीघ्र कोई उचित कदम नहीं उठाया और इस अवैध वसूली को तुरंत नहीं रोका, तो छात्र संघ विद्यार्थियों के हक में लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा. इसके साथ ही उन्होंने सभी छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत छात्र प्रतिनिधियों को देने की अपील कि हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिलेगी नई उड़ान, JEA और BIT मेसरा के बीच हुआ MoU