फसल चरने को लेकर हमला

बेंगाबाद में फसल चरने को लेकर हमला, मुखिया के जेठ-जेठानी घायल, गांव में तनाव, थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत झलकडीहा पंचायत में फसल चरने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

By Ark Sahuliyar
बेंगाबाद में फसल चरने को लेकर हमला, मुखिया के जेठ-जेठानी घायल, गांव में तनाव, थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा

मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत 
बेंगाबाद/डेस्क:
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत झलकडीहा पंचायत में फसल चरने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मामला धान के बिहन से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि किसी के खेत में लगे धान के बिहन को जानवरों ने चर लिया था. इसी बात को लेकर बिहन के मालिक और झलकडीहा पंचायत की मुखिया ममता मंडल के जेठ और जेठानी के बीच कहासुनी हुई.

आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बिहन के मालिक ने मुखिया के जेठ और जेठानी पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए. उनके सिर फट गए और वे लहुलुहान हो गए. घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

इस घटना के बाद पूरे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया. चर्चा है कि इस मामले में दो समुदाय हिंदू-मुस्लिम का एंगल भी सामने आ गया है, जिससे स्थिति और संवेदनशील बन गई.

सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और पुलिस इंस्पेक्टर बमबम कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पूरे झलकडीहा गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है. एहतियात के तौर पर QRT बल को भी लगाया गया है. पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल गांव में शांति है, लेकिन पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.