जवान ने की आत्महत्या

पिपरवार में सीआईएसएफ जवान ने की आत्महत्या, कैंप के बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

पिपरवार क्षेत्र के सीएचपी-सीपीपी कोल वाशरी स्थित सीआईएसएफ की डी कंपनी में तैनात 52 वर्षीय जवान सुकान्ता पॉल की आत्महत्या का मामला सामने आया है.

By Ark Sahuliyar
पिपरवार में सीआईएसएफ जवान ने की आत्महत्या, कैंप के बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
पिपरवार क्षेत्र के सीएचपी-सीपीपी कोल वाशरी स्थित सीआईएसएफ की डी कंपनी में तैनात 52 वर्षीय जवान सुकान्ता पॉल की आत्महत्या का मामला सामने आया है. जवान का शव सोमवार की सुबह कैंप के बाथरूम में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद पूरे सीआईएसएफ कैंप में शोक की लहर दौड़ गई.फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5 बजे कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने बाथरूम में सुकान्ता पॉल को फंदे से झूलता देखा.इसके बाद तत्काल इसकी सूचना सीआईएसएफ के अधिकारियों को दी गई.सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के वरीय अधिकारी और स्थानीय पिपरवार पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की.

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.बताया गया कि मृतक जवान सुकान्ता पॉल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी थे और सीआईएसएफ की पिपरवार इकाई की डी कंपनी में तैनात थे. घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है.पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर डकरा स्थित सीआईएसएफ मुख्यालय लाया गया, जहां सीआईएसएफ के कमांडेंट अमित कुमार सहित अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.और पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.