रोहन निषाद/न्यूज11 भारत
चाईबासा/डेस्क: जराइकेला थाना क्षेत्र में बुधवार रात जंगली हाथी के हमले में 134 बटालियन CRPF के तिरिलपोसी कैंप के निर्माण कार्य में लगे मुंशी विजय विश्वकर्मा 58 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए.जानकारी के अनुसार विजय काम निपटाकर जराइकेला से कैंप लौट रहे थे. दीघा से आगे हाथी टावर के पास अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी ने उनके बाएं पैर का घुटना बुरी तरह कुचल दिया. घटना की सूचना मिलते ही 134 बटालियन के कमांडेंट त्रिलोकनाथ सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी वलय भूषण भक्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदन कुमार सिंह तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. CRPF की मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार दिया. बाद में बेहतर इलाज के लिए घायल मुंशी को तत्काल राउरकेला अस्पताल रेफर किया गया. क्षेत्र में हाथी की दस्तक से कैंप कर्मियों में दहशत है.