न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने और घर उजाड़ने की धमकी देने वाले वायरल वीडियो को लेकर रांची के कोतवाली थाना में FIR दर्ज हुई है. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने खुद को आदिवासी समुदाय का बताते हुए मामले में आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में सोशल मीडिया के खबर अड्डा नामक फेसबुक पेज पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि इस वीडियो में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर में घुसकर उन्हें जान से मारने और घर उजाड़ने की बात कहता नजर आ रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की तस्वीर दिखाने पर आंदोलन कर रहे छात्रों ने उसकी पहचान बोकारो निवासी विश्वजीत समंदर के रूप में की है. वह विश्व हिंदू परिषद का सदस्य बताया जा रहा है.
शिकायतकर्ता सुजीत कुमार कुजूर ने आवेदन में कहा है कि इस तरह के वीडियो से भविष्य में मुख्यमंत्री के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना होने की आशंका पैदा हो सकती है. साथ ही संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ लोगों में आक्रोश और हिंसा के लिए उकसावे की स्थिति बन सकती है.
सुजीत कुमार कुजूर ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सुरक्षित रखा है, ताकि जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराया जा सके. आवेदन में फेसबुक पर वायरल वीडियो का लिंक भी पुलिस को दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: दनुआ घाटी में कंटेनर में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान जलकर खाक