सागर कुमार/न्यूज़11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: भुरकुंडा समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में रोटरी क्लब भुरकुंडा ने एक और सराहनीय पहल की. रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 के क्लब के अंतर्गत रोटरी क्लब भुरकुंडा एवं रांची के प्रसिद्ध IRIS हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को भारत मेडिकल हॉल, भुरकुंडा में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया.
लगभग 150 लोगों की हुई जांच
शिविर में सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक कुल 150 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई. ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग शिविर में पहुंचे. नेत्र चिकित्सकों ने एक-एक मरीज की बारीकी से जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया.
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
शिविर में IRIS हॉस्पिटल रांची से आए वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. विशाल कुमार एवं डॉ. आदित्य भारद्वाज ने मरीजों की जांच की. उन्होंने मोतियाबिंद, काला मोतिया यानी ग्लूकोमा, चश्मे का नंबर, आंखों में एलर्जी, संक्रमण एवं अन्य नेत्र रोगों की जांच कर मरीजों को दवाएं एवं आगे के इलाज के लिए मार्गदर्शन दिया. जिन मरीजों को ऑपरेशन या विशेष इलाज की जरूरत थी उन्हें IRIS हॉस्पिटल रांची/रामगढ़ में संपर्क करने की सलाह दी गई.
शिविर की संपूर्ण व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी IRIS हॉस्पिटल के मार्केटिंग हेड नीरज सिंह ने संभाली. रोटरी पदाधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी शिविर में रोटरी क्लब भुरकुंडा के अध्यक्ष रो. श्रीकांत गुप्ता और सचिव रो. प्रवीण शर्मा के अलावा सभी सदस्य पूरे समय मौजूद रहे. उन्होंने मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना और क्लब के कार्यों की जानकारी दी.
इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य परमजीत सिंह धामी, अजय गोयल, पप्पू सिंह, रंजीत गुप्ता, डॉ. एन के सिंह, चंद्रशेखर प्रसाद, धनंजय यादव, समरेन्द्र शाह, सुषमा शर्मा एवं रिंकू सिंह धामी ने भी शिविर में सक्रिय सहयोग किया. सभी सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, मार्गदर्शन एवं दवा वितरण में मदद की. CREATE LASTING IMPACT" थीम पर आधारित सेवा रोटरी क्लब भुरकुंडा के अध्यक्ष रो. श्रीकांत गुप्ता ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल की इस वर्ष की थीम "CREATE LASTING IMPACT" है. इसी थीम को साकार करने के लिए क्लब लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में काम कर रहा है.
उन्होंने कहा कि आज के समय में आंखों की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं. समय पर जांच न होने से कई लोग अपनी रोशनी गंवा देते हैं. ऐसे में इस तरह के शिविर लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं. सचिव रो. प्रवीण शर्मा ने कहा कि रोटरी क्लब भुरकुंडा आगे भी क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा. उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए IRIS हॉस्पिटल की टीम, भारत मेडिकल हॉल प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. प्रोजेक्ट चेयरमैन परमजीत सिंह धामी का बहुत ही सहयोग रहा.
लोगों ने की सराहना
शिविर में जांच कराने आए लोगों ने रोटरी क्लब और IRIS हॉस्पिटल की इस पहल की जमकर सराहना की. लोगों ने कहा कि इस तरह के निःशुल्क शिविरों से उन्हें बिना किसी खर्च के विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराने का मौका मिलता है.