न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: गिरिडीह के मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा बल के साथ औचक छापेमारी की. रात के अंधेरे में शुरू हुए इस बड़े ऑपरेशन से जेल प्रशासन से लेकर कैदियों तक में अफरा-तफरी के माहौल बन गया.
डीसी-एसपी की अगुवाई में चला मेगा सर्च ऑपरेशन
छापेमारी का नेतृत्व रामनिवास यादव और डॉ. बिमल कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इस कार्रवाई में करीब 45 प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल थे जबकि लगभग 150 सुरक्षा जवानों को तैनात किया गया था.
शनिवार रात करीब 10:45 बजे अधिकारियों का काफिला अचानक केंद्रीय कारा पहुंचा. जेल का मुख्य द्वार खुलते ही पूरी टीम अंदर दाखिल हो गई और अलग-अलग हिस्सों में बंटकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया.
2 घंटे तक खंगाला गया जेल का चप्पा-चप्पा
करीब दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन में जेल के पुरुष कैदियों वाले सभी 5 ब्लॉकों और 20 वार्डों की गहन जांच की गई. जवानों ने कैदियों के बिस्तर, बैग, कपड़े और निजी सामान तक की बारीकी से तलाशी ली. वहीं महिला बंदी वार्ड में महिला अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने जांच अभियान चलाया. सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हर वार्ड की सघन तलाशी ली गई. सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को जेल के अंदर संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ अहम इनपुट मिले थे, जिसके बाद यह औचक कार्रवाई की गई. हालांकि, देर रात तक किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी.