विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: जपला रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट में नवपदस्थापित प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार झा ने मंगलवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया.पदभार संभालने के बाद उन्होंने रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और अपराध नियंत्रण को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया. कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आरपीएफ की पहली जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल संपत्ति को क्षति पहुंचाने, चोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यात्रियों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आरपीएफ पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी.
नवपदस्थापित प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रेलवे हेल्पलाइन 139 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निगरानी एवं गश्त को प्राथमिकता दी जाएगी.कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पोस्ट में तैनात अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. बैठक में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, महिला यात्रियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा यात्रियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
इस अवसर पर उन्होंने आम लोगों और रेल यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को रेलवे स्टेशन, ट्रेन या रेलवे परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ अथवा रेलवे हेल्पलाइन को दें. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और आरपीएफ की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: हरिहरपुर-तोपचांची में शांति समिति की बैठक, मुहर्रम को शांतिपूर्ण बनाने की अपील