न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: JMM ने मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी की केंद्रीय समिति के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए केंद्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
JMM जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि मतदाता सूची की जांच और पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने विशेष रणनीति तैयार की है. इसके तहत नियुक्त प्रभारी नेता अपने-अपने क्षेत्रों के अध्यक्षों और सचिवों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे तथा बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर अभियान को गति देंगे.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे. इसी उद्देश्य से संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है.
झामुमो नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन और सटीक मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. पार्टी ने सभी प्रभारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करने, मतदाता सूची की समीक्षा करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार निगरानी भी की जाएगी. JMM का यह अभियान आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही है.
किसे कहां की मिली जिम्मेदारी ?
- साकची: बारी मुर्मू (केंद्रीय सदस्य)
- सिदगोड़ा: कुणाल षाड़ंगी (पूर्व विधायक)
- टेल्को: सागेन पूर्ति (जिला उपाध्यक्ष)
- बिरसानगर: सुमन महतो (पूर्व सांसद)
- सीतारामडेरा: पंकज सिन्हा
- गोलमुरी: राजू गिरि
- बिष्टुपुर: पवन सिंह
- सोनारी: मोहन कर्मकार
- कदमा: मनोज यादव
- मानगो नगर निगम: लक्ष्मण टुडू (पूर्व विधायक) और शेख बदरुद्दीन
- जुगसलाई नगर: मो. हिदाययतुल्लाह खान
- चाकुलिया नगर: सोमबारी सोरेन
- बहरागोड़ा, चाकुलिया और गुडाबांधा प्रखंड: समीर मोहंती (विधायक)
- घाटशिला, धालभूमगढ़, मुसाबनी और गुड़ाबंदा प्रखंड: सोमेश चंद्र सोरेन (विधायक)
- पोटका, डुमरिया और जमशेदपुर प्रखंड: संजीव सरदार (विधायक)
- बोड़ाम, पटमदा और जमशेदपुर अंश: मंगल कालिंदी (विधायक)
यह भी पढ़ें: रांची में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय से मारपीट के बाद बवाल, कार्रवाई की मांग को लेकर राइडर्स का हंगामा