न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: DC संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques (Prohibition of Sex Selection) Act, 1994 (PCPNDT Act) के तहत जिले में संचालित गतिविधियों एवं अधिनियम के अनुपालन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में जिला समन्वयक द्वारा जिले में संचालित पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई. समीक्षा के दौरान DC ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निर्धारित मानकों एवं चेकलिस्ट के अनुसार नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि केंद्रों में PCPNDT अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन हो.
DC ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में भ्रूण के लिंग निर्धारण अथवा लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों में शिकायत एवं सूचना प्राप्ति हेतु सिविल सर्जन तथा राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी का मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें. उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से PCPNDT अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए निगरानी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए नियमित जांच एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद, सहायक सचिव डॉ. डी.एन. सिंह, अधिवक्ता सुरीला देवी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति माला कुजूर, जिला समन्वयक जोफा लकड़ा, लोहरदगा ग्राम स्वरोजगार संस्था एवं होप संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बरही में कल बिजली बिल शिकायत शिविर: 10 बजे से सुनी जाएंगी समस्याएं, कंज्यूमर नंबर लाना जरूरी