धर्मेंद्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
निरसा/डेस्क: अवैध कोयला कारोबार पर नकेल कसने के लिए CISF और ECL की टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में करीब 50 टन अवैध कोयला जब्त किया गया है. मामला निरसा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर पहाड़ी स्थित काली मंदिर के समीप टावर के पास का है.
सूचना मिली थी कि अवैध कारोबारियों ने यहां बड़ी मात्रा में कोयले को बोरों में भरकर छिपा रखा है. बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में इस कोयले को पिकअप वैन के जरिए विभिन्न कोयला भट्ठों तक पहुंचाया जाता था.
गुप्त सूचना मिलते ही CISF मुगमा, शीतलपुर और ECL मुगमा सुरक्षा कर्मियों की संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 50 टन अवैध कोयला बरामद किया गया. जब्त कोयले को ट्रैक्टरों के माध्यम से लोड कर सेंटरपुल स्थित ECL साइडिंग भेज दिया गया है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है.