संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: विधायक सविता महतो ने बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर विद्यार्थियों एवं वज्रपात पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान टीकर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 55 विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण कर अभियान का शुभारंभ किया. ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कुल 1150 विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान सापारुम, टीकर, शीलदा, नारो एवं काठघोरा क्षेत्र के विद्यार्थियों को साइकिल दी गई. साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा.
विधायक सविता महतो ने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से सरकार की ओर से साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की. इसके बाद विधायक सविता महतो वज्रपात की घटना में मृत मौसाड़ा निवासी बुका गोप के घर पहुंचीं. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक ने अपने स्तर से परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया.
उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि एवं अन्य सरकारी लाभ जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, अभय यादव, सपन आदित्यदेव, मधु गोप, अमित सिन्हा, कालाचांद सहित मृतक के परिवार के सदस्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी ने देवेंद्र नाथ महतो जी से मुलाकात की