राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: विधायक ममता देवी ने नेमरा गांव में अनावर्त निधि से एलाइट पावर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कराए जा रहे श्मशान घाट पथ एवं गार्डवाल निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान निर्माण कार्य में भारी अनियामितता पाई गयी. गार्डवाल की निर्धारित ऊंचाई 6.5 फीट होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 4 फीट का गार्डवाल बनाया गया है. इसके अलावा निर्धारित 6 इंच आरसीसी का निर्माण नहीं किया गया. वहीं मशीन से खुदाई करने पर कमजोर एवं मानक से कम नींव मिली. इतना ही नहीं निर्माण कार्य में घटिया सामग्री तथा सीमेंट की जगह क्रशर डस्ट का उपयोग किए जाने की भी बात सामने आई.
निर्माण कार्य में मिली अनियामितता के बाद विधायक ममता देवी ने का सख्त रुख अपनाते हुए अधीक्षक अभियंता प्रमोद कुमार एवं कनीय अभियंता वासुदेव प्रसाद दास को कड़ी फटकार लगायी. साथ ही गार्डवाल को तत्काल तोड़ने और मजबूत नींव के साथ गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पुनः निर्माण कराने का निर्देश दिया.
निरिक्षण करने पहुंचीं विधायक ममता देवी ने कहा कि अपने अब तक के कार्यकाल में पहली बार इतनी गंभीर निर्माण अनियमितता देखी है. जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषियों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी. इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री एवं विभागीय सचिव को शिकायत भेजी गयी है. विधायक ने कहा कि दोषी संवेदक को भविष्य के सभी सरकारी निर्माण कार्यों से ब्लैकलिस्ट करने की मांग की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मलेंद्र भगत, बीडीओ सुधा वर्मा, सीओ सीताराम महतो, जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन, मुखिया जितलाल टुडू, विश्व सूत्री के उपाध्यक्ष मनोज कोटवार, अमित महतो सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के गृह विभाग में पदस्थापित अवर सचिव संजय कुमार झा और संयुक्त सचिव मनीषा जोसेफ तिग्गा सस्पेंड