न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: एना फुटबॉल ग्राउंड में एना नाइट क्लब एवं एना विवेकानंद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सेवन-ए-साइड (7-A-Side) फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. प्रत्येक मैच 15-15 मिनट के दो हाफ में खेला जा रहा है. दूसरे दिन सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब की ओर से खेल रहे नाइजीरियाई फुटबॉलर रहे, जिन्होंने अपने तेज खेल, बेहतरीन बॉल कंट्रोल और शानदार गोलों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
दिन के सबसे चर्चित मुकाबले में विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब ने दिलनवाज इलेवन को 8-1 के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी. मैच की शुरुआत से ही विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को संभलने का कोई अवसर नहीं दिया. नाइजीरियाई खिलाड़ियों के तेज मूवमेंट, सटीक पासिंग और शानदार फिनिशिंग पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.
टूर्नामेंट में 24 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें ए, बी और सी ग्रुप में विभाजित किया गया है. पहले दिन पांडे इलेवन ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया था. अब बी और सी ग्रुप की विजेता टीमें भी सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी. वहीं, पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को सीधे फाइनल में खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई है.
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है. लगातार रोमांचक मुकाबलों के कारण बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एना फुटबॉल ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं.