विश्व जनसंख्या दिवस

विश्व जनसंख्या दिवस पर चंदनकियारी में जनसंख्या स्थिरता अभियान 2026 का शुभारंभ, जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदनकियारी में जनसंख्या स्थिरता अभियान 2026 (11 जुलाई से 10 अगस्त 2026) का शुभारंभ किया गया.

By Ark Sahuliyar
विश्व जनसंख्या दिवस पर चंदनकियारी में जनसंख्या स्थिरता अभियान 2026 का शुभारंभ, जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत 
चंदनकियारी/डेस्क:
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदनकियारी में जनसंख्या स्थिरता अभियान 2026 (11 जुलाई से 10 अगस्त 2026) का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.

इस अवसर पर बीडीओ ने स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहियाओं को अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन संबंधी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार के साथ संतुलित समाज का निर्माण हो सके.

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि परिवार नियोजन से संबंधित आवश्यक सामग्री सभी सहियाएं अपने-अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर से प्राप्त कर सकती हैं. साथ ही महिला बंध्याकरण एवं पुरुष नसबंदी कराने के इच्छुक लाभार्थियों से सहियाओं के माध्यम से संपर्क करने की अपील की गई. इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. यू. एस. तृप्ति, डॉ. चंचला, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विजेंद्र लाल, गौतम महथा, अजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं सहियाएं उपस्थित थीं.