राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: जिला अग्निशमन विभाग के बेड़े में एक नया और अत्याधुनिक मिनी वाटर टेंडर वाहन शामिल हो गया है. मिस्ट तकनीक से लैस यह छोटा वाहन संकरी गलियों, व्यस्त बाजारों और सुदूर ग्रामीण इलाकों में आगलगी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने में काफी मददगार साबित होगा. यह नया मिनी वाटर टेंडर आकार में छोटा और हल्का होने के कारण तंग रास्तों में आसानी से प्रवेश कर सकता है. बड़े अग्निशमन वाहनों के जिन इलाकों तक पहुंचने में परेशानी होती थी, वहां यह मिनी टेंडर बिना किसी रुकावट के त्वरित कार्रवाई करेगा.
जिला अग्निशमन विभाग के प्रभारी ने कहा कि इस वाहन की मुख्य विशेषता है अत्याधुनिक मिस्ट टेक्नोलॉजी. यह तकनीक पानी की बेहद महीन फुहार छोड़ती है, जिससे आग तुरंत ठंडी हो जाती है और तेजी से बुझती है. वॉटर मिस्ट तकनीक से कम पानी की खपत होती है. इस तकनीक से कम पानी का इस्तेमाल करके अधिक प्रभावी ढंग से आग पर काबू पाया जा सकता है, जिससे जल संरक्षण भी होगा.
वहीं तंग, भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण बस्तियों के लिए यह वाहन विशेष रूप से उपयुक्त माना जाता है. आकार छोटा होने के कारण आपात स्थिति में यह वाहन बिना ट्रैफिक में फंसे मौके पर जल्दी पहुंचेगा. इस मिनी वाटर टेंडर के आने से रामगढ़ जिले में अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के नुकसान को काफी कम करने में बड़ी मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: JPSC आंदोलन: एक दिवसीय निर्जला उपवास पर जयराम महतो, कहा- "निर्लज्ज सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ेगा"