न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आंदोलनकारी आज (10 जून) को मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए सड़क पर उतर आए हैं. बता दें, बड़ी संख्या में सड़क में जुटे आंदोलनकारी राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर गए हैं. हालांकि, पुलिस ने उन्हें सिद्धू-कान्हू पार्क के समक्ष ही रोक लिया है. वहीं अभी इस मामले को लेकार एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि आंदोलनकारियों को समझाने के लिए मौके पर एसएसपी रांची, राकेश रंजन पहुंचे हैं.
आंदोलनकारियों ने हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सरकार ने आंदोलनकारियों से जुड़े कई मुद्दों पर आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया है. इसी के विरोध में वे मुख्यमंत्री आवास घेराव करने पहुंचे हैं.
मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ता और आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
मुख्यमंत्री आवास के आसपास की सड़कों पर की गई बैरिकेडिंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है. कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस यातायात को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का भी इस्तेमाल करवा रही है. फिलहाल आंदोलनकारी सड़क पर डटे हुए हैं और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है.
यह भी पढ़ें: आस्था या अंधविश्वास: बिशाय जंगल में पत्थर पर उभरी नागों की आकृति, मन्नतें मांगने दूर-दूर से पहुंच रहे लोग