नया ट्रांसफार्मर

समाजसेवी मेघनाथ साहू की पहल रंग लाई, कदमडीह टांगरटोली में लगा नया ट्रांसफार्मर, एक माह बाद लौटी बिजली

बसिया प्रखंड के आर्या पंचायत अंतर्गत कदमडीह टांगरटोली गांव के ग्रामीणों को आखिरकार एक माह बाद बिजली की समस्या से राहत मिल गई.

By Ark Sahuliyar
समाजसेवी मेघनाथ साहू की पहल रंग लाई, कदमडीह टांगरटोली में लगा नया ट्रांसफार्मर, एक माह बाद लौटी बिजली

नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत 
बसिया/डेस्क:
बसिया प्रखंड के आर्या पंचायत अंतर्गत कदमडीह टांगरटोली गांव के ग्रामीणों को आखिरकार एक माह बाद बिजली की समस्या से राहत मिल गई. गांव में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है. शनिवार को समाजसेवी मेघनाथ साहू,हीरालाल एवं आर्या पंचायत की मुखिया जसिंता बागे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया. जानकारी के अनुसार टांगरटोली गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक माह पूर्व खराब हो गया था. इसके बाद गांव के लगभग 30 घरों के परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए थे. बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग, पेयजल व्यवस्था और अन्य जरूरी कार्यों में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग से खराब ट्रांसफार्मर को बदलने और नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में निराशा बढ़ती जा रही थी. इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी समस्या समाजसेवी मेघनाथ साहू के समक्ष रखी और जल्द समाधान की मांग की. 

ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मेघनाथ साहू ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की पहल की.उनके प्रयासों के फलस्वरूप गांव में नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिससे पूरे गांव में पुनः बिजली आपूर्ति बहाल हो गई. बिजली बहाल होते ही ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी लौट आई. ग्रामीणों ने कहा कि एक महीने से अंधेरे में रहने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. नया ट्रांसफार्मर लगने से उनकी बड़ी समस्या का समाधान हो गया है.ग्रामीणों ने इसके लिए समाजसेवी मेघनाथ साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से गांव को समय पर राहत मिल सकी. इस अवसर पर मेघनाथ साहू ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे. कार्यक्रम में हीरालाल ओहदार, रंजीत टोपनो, सुलेंद्र ओहदार,पास्टर लाजरूप जोजो,हरि साहू,आकाश नाग,मनभरण साहू,कृष्णा सिंह,दिलीप ओहदार,शनिका सुरीन,बिमल मुंडा सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.